आठ किसानों के धान के पूंज में लगी आग से लाखों का नुकसान

फतुहा। प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र में गुरुवार को बरुणा गांव में स्कूल के पास स्थित खलिहान में रखे आठ किसानों के धान के पूंज में अचानक आग लग गयी। देखते देखते आग पुरे खलिहान में फैल गई। यह देख ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गांव की महिलाएं, बच्चे व पुरुष लोग आग बुझाने की भरसक प्रयास किए लेकिन आग पर काबू नही पाया गया।


 इसके बाद सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो-दो गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में कई किसान के धान की पूंज बच गई। मौके पर घटित घटना के संबंध में बताया गया कि सरकारी स्कूल के समीप बड़े खलिहान में कई किसानों के धान के पूंज रखे थे। जहां कुछ किसानों के धान पिटा गया था लेकिन कुछ किसानों के धान अभी नही पीटने के कारण खलिहान में रखा हुआ था। धान के पूंजो में आग कैसे लगी इसका कारण स्पष्ट नही हो सका। घटना के बावत बताया गया कि विजय सिंह, लालबाबू पासवान, रणविजय सिंह, धर्मवीर सिंह, रामप्रवेश सिंह, बिरजे सिंह समेत आठ किसानों के धान के पूंज जलकर राख हो गये। पीड़ित किसानों की माने तो घटना से कितने की क्षति हुई अनुमान लगाना मुश्किल है, लेकिन उनके अनुसार लाखों रुपये की क्षति हुई।