किसी को छुरा भोंकने का मौका नहीं देंगे : आरसीपी सिंह

पटना। जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते आरसीपी सिंह अपने विरोधियों और सहयोगियों को एक साथ निशाने पर लिया। आरसीपी सिंह का इशारा साफ तौर पर भाजपा की तरफ था। पटना में पार्टी की कमान संभालते उन्होंने कहा कि हम जिनके साथ रहते हैं पूरी ईमानदारी के साथ रहते हैं। आरसीपी ने कहा कि हमारे संस्कार को कोई हमारी कमजोरी ना समझे। हम साजिश नहीं रचते न किसी को धोखा देते हैं। 


सहयोगी के प्रति हम हमेशा से ईमानदार रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी काम करने का मौका मिलता है हम काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे नेता अब और खुल कर काम करेंगे। कोई ऐसा फिल्डर नहीं है जो हमें कैच कर लेगा। अब पूरे देश में पार्टी का विस्तार किया जाएगा। किसी को छुरा भोंकने का मौका अब नहीं देंगे। आरसीपी सिंह ने कहा कि हम प्रचार में कमजोर हैं लेकिन हमारे नेता पर अगर कोई एक उंगली उठाएगा तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर कोई हमारे नेता की ओर ढेला फेकेगा तो हम उसे नेता तक जाने नहीं देंगे। अरुणाचल प्रदेश में जदयू के विधायकों द्वारा पाला बदलने के बारे में चर्चा करते हुए राज्यसभा सांसद आरसीपी ने कहा कि इस तरह का अवसर आगे नहीं आए ये तय करने की कोशिश करेंगे। हम अपने दल को राष्ट्रीय पार्टी बनाने की दिशा में काम करेंगे। नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए आरसीपी ने कहा कि जब 2014 में जदयू को 2 सीट मिली तो हमारे नेता ने CM की कुर्सी छोड़ कर एक दलित को CM बना दिया। लोग हमारे संस्कार को कमजोरी न समझें हमारा संस्कार बहुत मजबूत है जिसे कोई भी हिला नहीं सकता। आरसीपी सिंह इस बात के भी संकेत दिये कि पार्टी इस बार असाम में चुनाव लड़ सकती है। मालूम हो कि रविवार को पटना में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।