भाजपा पर जारी हैं जदयू के हमले, चुनाव हारने वाले पूर्व बोले मंत्री भाजपा ने हमारे लिए वोट टर्न नहीं करवाया
पटना। अरुणाचल प्रदेश में जदयू विधायकों के भाजपा में मिलने के बाद जदयू की नाराज़गी लगातार सामने आ रही है। जदयू नेता भाजपा पर इशारों में गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप तो लगा रहे हैं भाजपा को ये भी याद दिला रहे कि 2005-10 वाली भाजपा से 2020 वाली भाजपा में बड़ा अंतर है। जदयू के कद्दवार नेता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह अब भाजपा के खिलाफ निशाना साधने में खुलकर सामने आ गए। जयकुमार सिंह ने खुल कर आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने वोटर जदयू के उम्मीदवारों के लिए टर्न नहीं कराया। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री ने इस बात का जिक्र करने के बाद कहा कि ऐसी घटनाओं के बावजूद भी हम भाजपा से आग्रह करेंगे कि वो मिलकर बैठे और हालात को सुधारें।
जयकुमार सिंह 2020 के विधानसभा चुनाव में अपनी सीट हार गए थे। इस सीट से भाजपा के बागी बने राजेंद्र सिंह लोजपा से चुनाव लड़कर जयकुमार सिंह का खेल बखूबी बिगाड़ा था। जयकुमार सिंह से पहले उनकी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी अरूणाचल प्रदेश के मसले को लेकर अपनी और पार्टी की नाराजगी जाहिर कर चुके है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने जो कुछ कहा उससे स्पष्ट है कि बिहार में भी अरुणाचल प्रदेश के मामले का असर पूरी तरह से पड़ेगा और सब कुछ फिलहाल ठीक नहीं दिख रहा है। अरुणाचल प्रदेश मामले पर जदयू को कितना अंदर तक ज़ख़्म लगा वो बयानो के ज़रिए सामने आने लगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि ये ज़ख़्म बहुत गहरा है,ऐसा भविष्य में न हो इसे भाजपा को देखना होगा। उन्होंने कहा कि हम तो समर्थन दे रहे थे,लेकिन बावजूद इसके जो घटना घटी वो ठीक नहीं है।