जमीन विवाद फायरिंग में एक को लगी गोली,रेफर

फतुहा। प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र स्थित हाजीपुर गांव में बुधवार को दोपहर जमीन विवाद को लेकर बदमाशो ने जमकर फायरिंग की। इस दौरान एक गुट के लोगों ने दुसरे गुट को खदेड़-खदेड़ कर फायरिंग की। इसी फायरिंग के दौरान एक गुट के एक युवक दुसरे गुट के एक अधेड़ को गोली मार दी। गोली अधेड़ के बाएं जांघ में लगी। जिसे आनन-फानन में परिजनों ने उसे पीएचसी लाया, जंहा से उसे प्राथमिक उपचार के बाद एनएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया। अधेड़ की पहचान हाजीपुर गांव के अर्जुन सिंह के रुप मे हुई। 


मौके पर घटित घटना के संबंध में बताया गया कि कि एक जमीन को लेकर गांव के सबल राय व दासु सिंह के बीच काफी अर्से से अदावत है। इसी अदावत को लेकर बीते दीपावली के दिन सबल राय के गुट के सुरेंद्र सिंह के साथ विपक्षी गुट का मारपीट हो गई थी। इस मारपीट में सुरेंद्र सिंह जख्मी हो गए थे। इसके बाद सुरेंद्र सिंह ने विपक्षी गुट के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी। इसी प्रतिशोध में विपक्षी गुट बुधवार को सबल राय के घर के पास हथवे हथियार के साथ पहुंच गये तथा खेत में पड़े धान की पूंज को समेटने लगे। जब सबल राय के लोगों ने विरोध किया तो विपक्षी गुट के लोगों ने फायरिंग शुरु कर दी। फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची लेकिन सभी आरोपी फरार हो गए। जब पुलिस वापस लौटी तो आरोपियों ने फिर से फायरिंग शुरु कर दी। इसी फायरिंग के दौरान एक युवक ने अर्जुन सिंह पर गोली चला दी। दुबारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा एक युवक को हिरासत मे ले लिया। लेकिन बाकी आरोपी फरार हो गए। गोलीबारी करने तथा गोली मारने के आरोप में जख्मी अर्जुन सिंह के भतीजा वकील राय ने नामजद शिकायत दर्ज करायी। पुलिस पुरी घटनाक्रम की जांच करने में जुटी है।