ट्रेन से उतरे यात्री को झांसे मे लेकर ठगों ने उड़ाये नकदी समेत कई सामान

फतुहा। प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र में स्टेशन पर ट्रेन से उतरे यात्री को ठगों ने झांसे में लेकर तीस हजार रुपये नकद समेत उसके दो बैग लेकर चम्पत हो गये। इस संबंध में पीड़ित यात्री स्थानीय थाने में पहुंचा तथा अज्ञात ठगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराया। इस बावत नालंदा जिले के औगारी थाना क्षेत्र के ओप गांव निवासी शैलेंद्र कुमार सह पीड़ित ने बताया कि गुरुवार को सुबह दिल्ली से चलकर श्रमजीवी एक्सप्रेस से फतुहा स्टेशन पर उतरे।


 ट्रेन से उतरने के बाद जब उसने इस्लामपुर जाने वाली ट्रेन के बारे मे पता लगाया तो एक शख्स ने उसे इस्लामपुर का निवासी बताते हुए स्टेशन से बाहर खड़ी सफेद रंग की मारुति में बैठने को कहा। इसके बाद उस शख्स के कहने पर पीड़ित अपने सामानों के साथ मारुति कार में बैठ गया। मारुति कार चौराहा पर पहुंचते पीड़ित को यह कहकर कार से उतार दिया कि आप यंहा पर रुकिए, एक यात्री के सामान लेकर आते हैं। इसके बाद शख्स उसके सामान सहित कार को खुसरुपुर की ओर लेकर चला गया। जब काफी देर तक वह कार नही आयी तो पीड़ित को ठगे जाने की एहसास हुई। पीड़ित यात्री ने बताया कि ठगो ने उसके दो बैग लेकर चम्पत हो गये। बैग में तीस हजार नकद के साथ कपडे व कुछ बैंक के कागजात थे। थाने में दर्ज शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।