फतुहा। प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र के नगीना टोला में गढ्ढे से मिले चालीस वर्षीय युवक अशोक राम की हत्या का मामला का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी हत्या नाक-मुंह बंद कर की गई थी। इस सन्दर्भ में मृतक अशोक राम के बड़े भाई दुलारचंद राम थाने में तीन से चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी।
बड़े भाई दुलारचंद राम के अनुसार बताया गया कि मृतक बीते रविवार को शौच के लिए धोवा नदी पार गया था। नदी के पास उसने उसने शराब की भट्ठी में तीन चार लोगों के साथ शराब पी थी। बड़े भाई ने प्राथमिकी में शराब भट्ठीदार के साथ तीन चार लोगो पर हत्या करने की आशंका जताई। इस मामले मे पुलिस ने शराब भट्ठी संचालक को गिरफ्तार कर लिया। संचालक गौरीचक थाना क्षेत्र के चक सुरत गांव निवासी मंटु यादव है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि इस मामले में हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद पता चल पाएगा कि इसके हत्या में कौन-कौन लोग शामिल थे तथा हत्या किस प्रकार की गई। विदित हो कि सोमवार को शाम नगीना टोला निवासी अशोक राम का शव पानी भरे गढ्ढे से बरामद किया था। परिजन शुरु से हत्या कर शव को गढ्ढे में फेंकने का आरोप लगाया था।
