गोपालगंज में बेटी की शादी के लिए जमीन बेचने पर पिता को बेटे ने चाकू गोदकर मार डाला

गोपालगंज। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई जहां बेटे ने अपने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। वजह जानकार आप भी हैरान हो जाएंगे। बेटी की शादी के लिए पिता ने अपनी जमीन बेच दी,जो कि बेटे को नागवार गुजरी और उसने पिता की जान ले ली। मामला भोरे थाने के रामपुर चकरवा गांव का है। वारदात को अंजाम देने के बाद पुत्र मौके से फरार हो गया। मृतक 70 वर्षीय सोबराती मियां था। घटना की सूचना मिलने के बाद भोरे थाने की पुलिस मामले की छानबीन करने जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां से हत्यारा पुत्र अपनी दोनों पत्नियों के साथ फरार हो चुका था। 


उधर मृतक के शव को नगर थाने की पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोबरती मियां अपनी छोटी बेटी की शादी करने के लिए पांच लाख रुपए में अपनी जमीन बेची थी। इससे उसका एकलौता पुत्र बहारन मियां नाराज चल रहा था। मंगलवार की रात सोबराती मियां अपनी पत्नी के साथ बथान में सोया था। इस बीच मध्य रात्रि में पुत्र पहुंचा और जमीन बेचने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। सोबराती की पत्नी बीच बचाव कर रही थी। इतने में पुत्र बहारन मियां अपने पास से चाकू निकालकर उसके आंख पर हमला बोल दिया। जख्मी हालत में उसे भोरे रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजन सदर अस्पताल में लेकर पहुंचे,जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।