पीएमसीएच में दलालों के खिलाफ अभियान शुरू,डाक्टर टीम ने रंगेहाथ पकड़ किया पुलिस के हवाले

दलाल के पास से वसूली का जब्त किया गया 1500 रूपये

डा अभिजीत के एक्शन के बाद पीएमसीएच छोड़ भागे दलाल, चप्पे-चप्पे पर खड़ा है उड़नदस्ता टीम

पटना। कोरोना को लेकर लोग डरे-सहमे और एहतियात बरत रहे हैं वहीं सूबे के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल पीएमसीएच में दलाल चोरी-छिपे लोगों से ठगी करने में जुटे हैं। ऐसे ही एक दलाल को सीनियर डा अभिजीत सिंह के नेतृत्व में रंगेहाथ गरीब मरीज से ठगी करते पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। दलाल के पास से 1500 रूपये जब्त किया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। 


इस संबंध में बताया गया कि राज्य के बड़े अस्पताल पीएमसीएच में दलालों के गोरख धंधा को लेकर पीएमसीएच प्रशासन को लगातार सूचनाएं मिल रही थी। इसी आलोक में शुक्रवार को इमरजेंसी के प्रभारी सीनियर डा अभिजीत सिंह टाटा वार्ड के समीप एक गरीब मरीज से ठगी करते दलाल  को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़ा गया दलाल का पहचान अंकुश कुमार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दलाल अंकुश कुमार के पॉकेट से 1500 रूपये जब्त किया गया। पीएमसीएच के डाक्टर टीम ने पकड़े गये दलाल अंकुश कुमार को पीएमसीएच में बने टीओपी, पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दलालों का रैकेट का खुलासा करने में जुटी है। इधर पीएमसीएच में डा अभिजीत सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया। दलालो की चौकड़ी भाग खड़ा हुई। डा अभिजीत सिंह ने बताया पीएमसीएच में नि:शुल्क चिकित्सा दिया जाता है। मरीजों के मदद के लिए हर एक विभाग में सहायता केन्द्र बना है जो 24 घंटा काम करती है। कोई भी इलाज के नाम पर ठगी करता है तो शिकायत केन्द्र पर शिकायत करें। पीएमसीएच के चप्पे-चप्पे पर उड़नदस्ता टीम तैनात है। अवश्य कार्रवाई की जाएंगी।