मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी में तैनात राजस्व कर्मचारी के घर निगरानी की टीम ने छापेमारी के दौरान हथियार की बरामदगी की। इसके अलावा ज्वेलरी और कैश भी छापेमारी के दौरान बरामद किया गया। आरोपी कर्मचारी अशोक कुमार सिंह मौके पर से फरार है। निगरानी की टीम राजस्व कर्मचारी के दो ठिकानों पर छापेमारी की।
भगवानपुर के चैनपुर मोहल्ले में स्थित आवास के अलावा अशोक कुमार सिंह के पैतृक गांव में भी छापेमारी की गई। पैतृक गांव पारू प्रखंड के बभनगांव में है। निगरानी की टीम आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की। फिलहाल अशोक कुमार सिंह के रिश्तेदारों से गहन पूछताछ की जा रही है। छापेमारी के दौरान आवास के आस-पास लोगों का जमावड़ा लग गया। मुजफ्फरपुर निगरानी प्रक्षेत्र के डीएसपी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने छापेमारी की पुष्टि करते हुये कहा कि छापेमारी पूरी करने के बाद मुख्यालय को विस्तृत जानकारी भेजी जाएगी।