फतुहा। प्रखंड अंतर्गत थाना क्षेत्र में विभिन्न मांगों को लेकर भाकपा माले के बैनर तले किसानों द्वारा प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केन्द्र सरकार से कृषि सम्बंधी तीन बिलों को वापस लेने की मांग की। भाकपा माले के सचिव उमेश सिंह द्वारा बताया गया कि केन्द्र सरकार कृषि उपज, वाणिज्य व्यापार अध्यादेश,मूल्य आश्वासन समझौता कृषि सेवा अध्यादेश तथा आवश्यक वस्तु संशोधन अध्यादेश को जल्द वापस लेनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की कृषि नीति जन विरोधी है। उन्होंने निजीकरण का विरोध करते हुए नया बिजली बिल को भी वापस करने की मांग की। उन्होंने सोन नहर का आधुनिकीकरण करने का भी मांग की। इस सन्दर्भ मे बीडीओ मृत्युंजय कुमार को एक ज्ञापन भी सौंपा। मौके पर प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव, दीना साव, पंकज यादव, सुशीला देवी, अनामिका देवी, बेबी देवी समेत दर्जनो कार्यकर्ता मौजूद थे।