मोतिहारी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी फरार, शौचालय की खिड़की का काट दिया ग्रील,4 दिनों से था भर्ती
मोतिहारी। जिले के सदर अस्पातल के कैदी वार्ड में इलाजरत बंदी अरुण कुमार शौचालय के वेंटिलेटर का ग्रील काटकर फरार हो गया। वह पताही थाने के अमरिया गांव का रहने वाला है। शौचालय की खिड़की के पास से ग्रील काटने वाला हेक्सा ब्लेड बरामद किया गया। इस संबंध में सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि आर्म्स एक्ट में पताही पुलिस बीस दिन पहले गिरफ्तार कर न्यायिक भेजा था। 18 नवम्बर से इलाज के लिये उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी पर तैनात जवानों को निलंबित किया जायेगा। फरार बंदी की खोज में नगर पुलिस छापेमारी कर रही है। नगर पुलिस का कहना है कि गले में शिकायत को लेकर 06 नवम्बर को भी इलाज के लिये सदर अस्पताल लाया गया था।
तीन दिनों तक इलाज के बाद वह चला गया। दूसरी बार अठारह नवम्बर को लाया गया तब से वह सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती था। कैदी वार्ड में तैनात सिपाही राजेश कुमार का कहना है कि वह साढ़े तीन बजे सुबह में बाथरूम गया। हाथ साफ करने के लिये बेसिन वाले रूम में जाने लगा तो देखा कि अंदर से दरवाजा बंद है। आवाज दिया किसी ने नहीं बोला तो गार्ड रूम में अन्य लोगों को बताया। उनके साथी जवान भी गये दरवाजा को धक्का दिया कोई रिस्पांस नहीं मिला। कैदी वार्ड में गिनती की गयी तो एक कैदी कम था। उसके बाद शौचालय के बाहरी हिस्सा की ओर देखा गया तो वेटिंलेटर का ग्रील कटा हुआ था और शीशा तोड़ा गया था। खिड़की से ग्रील काटने वाला ब्लेड बरामद हुआ। शौचालय के उसी वेंटिलेटर से आठ वर्ष पूर्व मौजेलाल सहनी फरार हुआ था। पताही पुलिस बोलेरो चोरी के प्रयास में 18 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। उसके खिलाफ घोड़ासहन, पताही, पचपकड़ी, ढाका, लखौरा, पकड़ीदयाल, महुआवा आदि थाना क्षेत्रों में डेढ़ दर्जन से अधिक बाइक चोरी व छिनतई की एफआईआर दर्ज है। चोरी की बाइक व आर्म्स के साथ उसकी गिरफ्तारी हुई थी।